रांची
राष्ट्रमंडल सम्मेलन में सुशील मोदी ने अपना चरित्र को भी उजागर कर दिया है: लालू प्रसाद
By Deshwani | Publish Date: 17/2/2018 5:10:30 PM
राष्ट्रमंडल सम्मेलन में सुशील मोदी ने अपना चरित्र को भी उजागर कर दिया है: लालू प्रसाद

रांची। चारा घोटाला मामले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने सीबीआइ के  अलग-अलग दो विशेष कोर्ट में उपस्थित होकर शनिवार को हाजिरी लगाई। कोर्ट से निकलने के बाद लालू प्रसाद ने मीडिया कर्मियों से बातचीत की। उन्होंने बिहार व केंद्र सरकार पर सीधा निशाना साधा। सुशील मोदी पर जमकर बरसे। कहा कि राष्ट्रमंडल सम्मेलन में सुशील मोदी ने अपना चरित्र को भी उजागर कर दिया है। कहा कि सुशील मोदी ने राष्ट्रमंडल सम्मेलन में जितना फूहड़ व्यवहार किया है, उससे देश व बिहार का मान नीचे गिरा है। देश व विदेश से लोग राष्ट्रमंडल में आए हैं और वह अपना आचरण बताने का काम किया। उन्होंने कहा कि संसदीय समितियां आती-जाती है, घूमती है, देखती है, रिव्यू होता है। 

 
लालू प्रसाद ने भ्रष्टाचार को भी निशाना बनाया। कहा कि केंद्र व बिहार सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। पीएनबी का 11 हजार करोड़ का घोटाला आप सभी लोगों के बीच में है। पैसा गायब कर चला गया और लोग देखते रह गए। उन्होंने कहा कि मोदी बोलते थे कि न खाएंगे न खाने देंगे। यही सब हो रहा है। रक्षा सौदा में भी घोटाला हो रहा है। लालू प्रसाद ने बिहार में महिला आरक्षण की मांग को लेकर भाजपा-जदयू पर निशाना साधा। कहा कि उन्हीं की सरकार है लागू करें या पास कराएं। बिहार में वही हैं केन्द्र में भी वही हैं। फिर किससे मांग कर रहे हैं।
 
लालू यादव ने अपने केस से संबंधित बातें भी मीडिया के समक्ष रखी। कहा कि जिस केस में वे हैं उसमें अंडर ट्रायल चल रहा है। यह अंतिम कोर्ट नहीं है। इसके ऊपर हाई कोर्ट व सुप्रीम कोर्ट भी है। उन्होंने सवाल खड़ा कि भाजपा का वैसा कौन नेता है जो अपना खेत जोतकर खाता-पीता है। सभी लूट कर खा रहे हैं। लालू प्रसाद ने कोर्ट परिसर में राजद कार्यकर्ताओं द्वारा लाए गए प्रसाद को महिला व राजद कार्यकर्ताओं के बीच बांटा। 
image
COPYRIGHT @ 2016 DESHWANI. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS