रांची
शहर में धड़ल्ले से हो रहा पॉलिथीन का उपयोग
By Deshwani | Publish Date: 27/1/2018 5:13:39 PM
रांची (हि.स.)। रांची सहित पूरे प्रदेश में पॉलिथीन के उपयोग पर रोक लगाया गया है लेकिन इसके बावजूद भी राजधानी के कई जगहों पर दुकानदार इसका प्रयोग करते देखे जा रहे हैं। इनमें होटलों, ठेला वाले, सब्जी दुकानदार, चिकन शॉप सहित अन्य दुकानों में पॉलिथीन का उपयोग करते हुए देखा जा सकता है। राज्य सरकार द्वारा प्लास्टिक कैरी बैग पर प्रतिबंध लगाने के बावजूद भी लोग इसका प्रयोग धड़ल्ले से कर रहे हैं। मालूम हो कि राज्य सरकार के आदेश पर 15 नवम्बर,2017 से रांची में पॉलिथीन के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। वही पॉलिथीन का उपयोग करने वालों को रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम पकड़ने के दौरान जुर्माना भी वसूल रही है लेकिन इसके बाद भी दुकानदार धड़ल्ले से पॉलिथीन का प्रयोग कर रहे हैं।
रांची नगर निगम अंतर्गत कुल 55 वार्ड हैं। इन 55 वार्डों में कुल 11 इंफोर्समेंट की टीम काम कर रही है। इस संबंध में बीते दिनों रांची नगर निगम के अपर नगर आयुक्त दिव्यांशु झा ने आदेश जारी किया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि शुरुआती दिनों में शहर के लोगों ने इस अभियान में काफी सहयोग किया था लेकिन फिर से इसका उपयोग देखने को मिल रहा है। उन्होंने राजधानीवासियों सहित शहर के छोटे बड़े दुकानदारों से आग्रह किया था कि वे न तो पॉलिथीन का उपयोग करें और ना ही पॉलिथीन जैसे दिखने वाले नॉन वोवन प्रोपलीन का प्रयोग करें। अपने आदेश में उन्होंने यह भी कहा है कि अगर किसी दुकान पर ऐसी सामग्री की सूचना मिले, तो नगर निगम को तुरंत सूचित करें। इसके बाद नगर निगम कार्रवाई करेगी।