रांची
शहर के कई मोहल्लों में गंदगी का लगा है अंबार
By Deshwani | Publish Date: 17/1/2018 2:46:41 PM
रांची (हि.स.)। राजधानी रांची के कई मुहल्लों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। शहर के कुछ वार्ड ऐसे हैं जहां पर रांची नगर निगम की कचड़ा उठाने वाली गाड़ी प्रत्येक दिन नहीं आती है। जिससे में वहां पर रहने वाले आसपास के लोगों को काफी परेशानी होती है। इसकी शिकायत जब लोग नगर निगम में करते हैं, तो कहा जाता है कि जल्द ही गाड़ी भेज दी जाएगी लेकिन कई मोहल्ले ऐसे हैं, जहां पर गाड़ी को ले जाना संभव नहीं है। ऐसे में वहां पर गंदगी का अंबार लग जाता है। राजधानी के किशोरगंज चौक, मौलाना आजाद कॉलोनी, तिरील कोचा, डिस्टलरी पुल के समीप सहित अन्य जगहों पर गंदगी का अंबार देखा जा सकता है।
पूरे देश में चार जनवरी से स्वच्छता अभियान चल रहा है। इस अभियान में रांची सहित राज्य के 42 नगर निकाय भाग ले रहे हैं। स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर रैंक आए, इसके लिए सड़कों पर जगह-जगह स्वच्छता को प्रेरित करते हुए होर्डिंग लगाए गए हैं। वहीं कचरा वाहनों पर गाना बजा कर लोगों से स्वच्छता की अपील की जा रही है लेकिन राजधानी की सफाई व्यवस्था तक पूरी तरह से पटरी पर नहीं आई है। कचरा वाहन प्रतिदिन मोहल्ले में कूड़ा उठाव के लिए नहीं आ रहे हैं। नगर निगम के पीआरओ नरेश कुमार सिन्हा ने बताया कि नगर निगम की गाड़ी हरेक दिन कचरा उठाने जा रही है। कई जगहों से कचरा उठाया जा रहा है। अगर कहीं से शिकायत आ रही है, तो इसे देखा जाएगा और वहां कचरा उठाने वाले वाहन को भेजा जाएगा।