रांची
मोराबादी मैदान में जलेगा 65 फीट का रावण
By Deshwani | Publish Date: 29/9/2017 10:30:00 AM
रांची, (हि.स.)। दशहरा के अवसर पर दशमी के दिन मोरहाबादी मैदान में रावण का पुतला दहन किया जाएगा। रावण की लंबाई 65 फीट की होगी। वहीं कुंभकरण 60 फीट और मेघनाथ 55 फीट का होगा। इस दौरान आतिशबाजी व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इस बार और रावण दहन रिमोट से किया जाएगा। यह जानकारी पंजाबी हिंदू बिरादरी के अध्यक्ष राजेश खन्ना ने दी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रुप में मुख्यमंत्री रघुवर दास उपस्थित रहेंगे। जबकि विशिष्ट अतिथि के रुप में सांसद राम टहल चौधरी, नगर विकास मंत्री सीपी सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि आतिशबाजी का नजारा आधे घंटे तक चलेगा।
यह आतिशबाजी मुंबई के सी वर्ल्ड फायर वर्क्स की ओर से किया जाएगा। रावण का पुतला दो मिनट तक जलेगा, इस दौरान रावण के मुख से आठ फीट तक आग निकलेगा। उन्होंने बताया कि राजधानी के मोराबादी मैदान में यह कार्यक्रम शाम चार बजे से शुरू हो जाएगा। जबकि साढ़े पांच बजे तक आतिशबाजी होती रहेगी और रावण दहन शाम छह बजे होगा। इस दौरान भांगड़ा नृत्य पेश किया जाएगा। यह कार्यक्रम दशहरा कमेटी की ओर से आयोजित किया जा रहा है। वहीं राजधानी रांची के अरगोड़ा मैदान में 45 फीट का रावण जलाया जाएगा।
श्री दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति के संयुक्त तत्वावधान में रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसमें 45 फीट का रावण और 40 फीट का कुंभकरण का पुतला बनाया गया है। जबकि 35 फीट का मेघनाथ का पुतला बनाया गया है। इसके अलावा विजयदशमी समारोह समिति की ओर से सेक्टर 2 में पहली बार रावण, कुंभकरण और मेघनाथ का पुतला दहन किया जाएगा।