रांची
भारत फिर जगतगुरु बनने की ओर : सीएम
By Deshwani | Publish Date: 16/8/2017 3:51:13 PMरांची, (हि.स.)। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि भगवान राम ने हमें मर्यादा के साथ मानव जीवन के कल्याण का संदेश दिया। इसी प्रकार भगवान कृष्ण ने नीति और धर्म का पालन करते हुए मानव कल्याण पर जोर दिया। हमारा देश एक समय जगतगुरु के रूप में स्थापित था। बाहरी शासन और सदियों की गुलामी के कारण हमारा सुनहरा अतीत पीछे छूट गया। मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश एक बार फिर से जगतगुरु बनेगा। रघुवर दास मंगलवार की देर रात सर्जना चौक पर कृष्ण जन्मोत्सव समिति की ओर से आयोजित दही हंडी प्रतियोगिता के उद्घाटन के बाद बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण ने गीता में संदेश दिया था कि हमें कर्म करना चाहिए फल की चिंता नहीं करनी चाहिए। यदि हम अपना काम ईमानदारी पूर्वक बिना लोभ के करें तो हमें सफलता अवश्य मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरी रांचीवासियों से अपील है कि वह भी अपना काम ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करें। लोगों के सहयोग से ही हम अपने राज्य और अपने राजधानी को अग्रणी पंक्ति में खड़ा कर सकते हैं। मैं रांची को देश के टॉप 10 शहरों में लाना चाहता हूं। रांची के लोगों को कानून पालन कराने के लिए कड़ाई करने की आवश्यकता ना पड़े। खुद से ही कानून का पालन करें, हमें ऐसा नागरिक बनना है, ताकि लोग हमारी मिसाल दें।
दही हांडी प्रतियोगिता में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान दीपांजलि लिटिल एंजल्स ग्रुप के बच्चों ने मनमोहक नृत्य पेश किया। उनके नृत्य से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री रघुवर दास एक लाख रुपए कि राशि इनाम के रूप में देने की घोषणा की। कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, रांची सांसद राम टहल चौधरी, कांके के विधायक जीतू चरण राम और खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ समेत बड़ी संख्या में कृष्ण भक्त उपस्थित थे।