झारखंड
मुख्यमंत्री ने की टाना भगतों से मुलाकात
By Deshwani | Publish Date: 15/8/2017 1:56:13 PM
रांची, (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस पर मोरहाबादी मैदान में झंडोत्तोलन करने के बाद मुख्यमंत्री रघुवर दास ने टाना भगतों से मुलाकात के बाद कहा कि 'टाना भगत हमारी राष्ट्रीय चेतना के पर्याय हैं। आज भी राष्ट्रीय ध्वज की पूजा करने वाले इस संप्रदाय ने भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन में माहात्मा गांधी के आदर्शों के सच्चे अनुयायी होने के कारण अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई थी।'
इस दौरान उन्होंने टाना भगत समुदाय के लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार टाना भगत विकास अथॉरिटी के माध्यम से इनके सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। इस अवसर पर मुख्य सचिव राजबाला वर्मा ने कहा कि आजादी के लिए संघर्ष में उरांव, मुण्डा हो सहित आदि अलग-अलग जनजाति के लोगों में अपनी पूर्व पहचान से अलग एक नई पहचान टाना भगत सम्प्रदाय के रूप में बनाया था। जतरा भगत से शुरू हुए इस आन्दोलन ने स्वतंत्रता संग्राम में राष्ट्रीय स्तर पर अद्वितीय स्थान हासिल किया था।
मौके पर टाना भगत सम्प्रदाय के लोगों ने कहा कि 'राष्ट्रीय ध्वज ही हमारी आन बान और शान है। ध्वज ही देव तुल्य है और पूजनीय है। समाज के सभी लोग जब राष्ट्रीय ध्वज को सर्वोच्च महत्व देते हुए इसे स्वीकार करेंगे, तभी हम सब अपनी निजता खोकर और भ्रष्टाचार भूलकर राष्ट्र के लिए समर्पित हो जाएंगे।'