ब्रेकिंग न्यूज़
मोतिहारी के केसरिया से दो गिरफ्तार, लोकलमेड कट्टा व कारतूस जब्तभारतीय तट रक्षक जहाज समुद्र पहरेदार ब्रुनेई के मुआरा बंदरगाह पर पहुंचामोतिहारी निवासी तीन लाख के इनामी राहुल को दिल्ली स्पेशल ब्रांच की पुलिस ने मुठभेड़ करके दबोचापूर्व केन्द्रीय कृषि कल्याणमंत्री राधामोहन सिंह का बीजेपी से पूर्वी चम्पारण से टिकट कंफर्मपूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सांसद राधामोहन सिंह विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगेभारत की राष्ट्रपति, मॉरीशस में; राष्ट्रपति रूपुन और प्रधानमंत्री जुगनाथ से मुलाकात कीकोयला सेक्टर में 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को 9 गीगावॉट से अधिक तक बढ़ाने का लक्ष्य तय कियाझारखंड को आज तीसरी वंदे भारत ट्रेन की मिली सौगात
झारखंड
रांची में बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त
By Deshwani | Publish Date: 26/7/2017 7:20:44 PM
रांची में बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त

रांची, (हि.स.)। गत 21 जुलाई की मध्य रात्रि से राजधानी रांची समेत राज्य के अन्य जिलों में लगातार हो रही बारिश अब प्रलय मचा रही है। रांची में इसका भयावह मंजर दिख रहा है। पूरा शहर पानी-पानी हो गया है। शहर के मुख्य सड़क में भी चलने की स्थिति नहीं है। जिन्दगी मानो रूक सी गई है। हर ओर पानी कीचड़ और गंदगी का अंबार लग गया है। 

राजधानी के दर्जनों मोहल्ले के घरों में पानी भर गया है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटे तक मौसम की मार बनी रहेगी । बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव की वजह से झारखंड में बने साइक्लोन सर्कुलेशन का असर रांची सहित पूरे राज्य में दिख रहा है। बारिश की वजह से दर्जनों पुल-पुलिया डायवर्सन बारिश की भेंट चढ़ गए हैं । दर्जनों लोगों के घर गिर गए हैं। सैकड़ों गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय और प्रखंड मुख्यालय से कट गया है। रांची में लगातार हो रही बारिश कहर बनकर टूट रही है। 
इस कारण यहां के सदर थाना क्षेत्र स्थित होकर ढेला टोली में बुधवार को अहले सुबह 4 मंजिला अपार्टमेंट भरभराकर गिर पड़ा। पूरी बिल्डिंग एक साथ ध्वस्त हो गई। हालांकि इस अपार्टमेंट में कोई नहीं रहता था। बिल्डिंग पुराने होने की वजह से लोगों ने पहले ही इसे खाली कर दिया था। बिल्डर फूलचंद साहू ने इसे बनवाया था। इस वजह से जान माल की क्षति नहीं हुई, लेकिन अचानक अपार्टमेंट गिरने की वजह से आसपास के लोग काफी भयभीत हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है।
शहर में पिछले पांच दिनों से हो रही बारिश के दौरान 150 से ऊपर कच्चे-पक्के मकान ध्वस्त हो गए हैं। पुराने घर के गिरने का खतरा अब भी मंडरा रहा है। इसके बावजूद जिला प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है । वहीं बुधवार को जगन्नाथपुर थाना के पीछे लीची बगान में भी दो मकान गिर हैं। अशोक नगर से सटी बस्ती में छह मकान गिर गए। हिनू में भी दो कच्चे मकान गिरने की खबर है।
लोहरदगा जिले में सेन्हा थाना क्षेत्र के सीठियो में कोयल नदी पर बने पुल से गुजर रहा एक एंबुलेंस बुधवार की सुबह पानी की तेज धार में बह गया । एंबुलेंस में 5 लोग सवार थे। पलामू के रहने वाले राजेश रजक अपने श्वसुर का इलाज कराने रांची जा रहे थे। इसी बीच पुल पर पानी इतना हो गया कि ड्राइवर कुछ समझ नहीं सका और पानी की तेज धार में गाड़ी बह गई। इस घटना में एक आदमी बचा है बाकी चार की तलाश जारी है। घटना के बाद राजेश रजक लगभग 200 मीटर दूर तैरकर बच गया। इसी बीच गाड़ी का ड्राइवर कूदकर मौके से भाग निकला। हालांकि बाद में पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गाड़ी में सवार अन्य चार लोगों की तलाश जारी है। लापता लोगों में राजेश की पत्नी आभा प्रसाद, उसकी बेटी, एक युवक कौशल किशोर रजक और मरीज शामिल हैं।
लोहरदगा के उपायुक्त विनोद कुमार ने बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट कर दिया गया है। आसपास के जिलों को अलर्ट मेसेज भेजा गया है। लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। एक जगह से एक व्यक्ति का सिर देखे जाने की सूचना मिली है, वहां भी तलाश जारी है। कुडू रूट पर बारिश के कारण पेड़ गिर जाने की सूचना पर ड्राइवर लोहरदगा होते हुए बेड़ो के रास्ते रांची आ रहा था। इसी बीच यह हादसा हो गया।
अधिकारिक सूचना के अनुसार राज्य में लगातार हो रही बारिश से अबतक सात से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है । बारिश के कारण कई पुल-पुलिया बह गए हैं। कई घर गिर गए हैं। राज्य भर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। रांची के खलारी में नदियां उफान पर। घरों तक पहुंचा पानी। बारिश से लोग बेहाल। रांची के मांडर में बारिश के कारण घर की दीवार गिरने से संतोष तिर्की नामक युवक की मौत हो गई। बारिश से खूंटी के जन्नत नगर मोहल्ले में घर धंसने से एक की मौत हो गई है जबकि तीन घायल है, सभी को रिम्स रेफर किया गया है। 
image
COPYRIGHT @ 2016 DESHWANI. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS