झारखंड
अगले 24 घंटे तक राज्य में भारी बारिश
By Deshwani | Publish Date: 24/7/2017 4:35:09 PMरांची, (हि.स.)। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अगले 24 घंटे तक रांची समेत पूरे प्रदेश में बारिश कहीं सामान्य तो कहीं बहुत तेज होती रहेगी । सेटेलाइट से प्राप्त चित्रों के अध्ययन के बाद मौसम केन्द्र ,रांची के निदेशक बीके मंडल ने राज्य के सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं साइक्लोन सर्कुलेशन की वजह से दक्षिण पूर्व रेलवे (दपूरे) के झारखंड -ओड़िसा और पश्चिम बंगाल के कई स्टेशनों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
बीके मंडल ने बताया कि राज्य में मानसून एक्टिव फेज को पार कर गया है । ऐसे में पूरे झारखंड में बारिश की स्थिति अगले 24 घंटे तक बनी रहेगी। कई जगहों पर भारी बारिश होने और वज्रपात की आशंका भी बनी हुई है। किसानों को वज्रपात से सावधान रहकर खेतों में जाने की सलाह भी दी है। मौसम केन्द्र रांची के अनुसार राजधानी वासियों को भी बारिश से राहत नहीं मिलने वाली है।