झारखंड
बाबा पर जलार्पण के लिए बढ़ रही है श्रद्धालुओं की तादाद
By Deshwani | Publish Date: 20/7/2017 12:13:18 PM
रांची, (हि.स.)। श्रावणी मेला में बाबा बैद्यनाथ धाम पर जलार्पण के लिए प्रत्येक दिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। प्रत्येक दिन लाखों श्रद्धालु बाबा पर जलार्पण कर रहे हैं। श्रावणी मेले के 11 वें दिन गुरुवार को भी काफी संख्या में शिवभक्त पहुंचे और कतारबद्ध होकर बाबा पर जलार्पण कर रहे हैं। हर दिन की भांति गुरुवार को भी पुरोहित पूजा के बाद प्रातः 3:52 बजे जलार्पण शुरू हुआ।
गेरुआ रंग के वस्त्र हाथ में पवित्र गंगा जल लिये श्रद्धालु शिवगंगा में स्नान ध्यान करने के बाद मंदिर की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं। इस दौरान पूरा मंदिर प्रांगण मंत्रोच्चारण से गूंज रहा है। जरमुंडी विधायक बादल पत्रलेख सिंह द्वार पर उपस्थित होकर श्रद्धालुओं पर अपनी नजर बनाये हुए हैं। दुमका के उपायुक्त मुकेश कुमार मंदिर के विधि व्यवस्था पर नजर बनाये हुए हैं। दुमका के पुलिस अधीक्षक मयूर पटेल मंदिर प्रांगण में उपस्थित है। स्वास्थ्य शिविर में सभी स्वास्थ कर्मी देर रात तक टिके हुए हैं।
सूचना सहायता कर्मी बिछड़ों को मिलाने का कार्य कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की कतार संस्कार मंडप से शुरू होकर शिवगंगा के चारों ओर दिख रही है। जलार्पण काउंटर के माध्यम से भी श्रद्धालु जलार्पण कर रहे हैं। गुरुवार को सुबह नौ बजे तक 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा पर जलार्पण कर लिया था।