झारखंड
छात्र संघ का रोजगार अदालत 10 अगस्त को
By Deshwani | Publish Date: 18/7/2017 7:10:48 PMरांची, (हि.स.)। दरोगा बहाली सहित राजपत्रित एवं अराजपत्रित पदों पर होने वाली बहालियों में 10 वर्ष उम्र सीमा छूट देने सहित अन्य मांगों को लेकर झारखंड छात्र संघ की ओर से 10 अगस्त को राजभवन के समक्ष रोजगार अदालत लगाया जायेगा। इसका निर्णय मंगलवार को संघ की बैठक में लिया गया। संघ के अध्यक्ष एस अली की अध्यक्षता में बिहार क्लब में यह बैठक हुई।
एस अली ने कहा कि राज्य अलग होने के बाद दरोगा बहाली, उत्क्रमित प्लस टू विद्यालय शिक्षक बहाली, हाईस्कूल शिक्षक नियुक्ति, उत्क्रमित प्राथमिक एवं मध्य विद्यालय शिक्षक बहाली सहित अन्य में होने वाली नियुक्ति नियमावली में समानता नहीं है। साथ ही उम्र सीमा में 10 वर्ष की विशेष छूट दी गयी है। इन बहालियों में झारखंडी अभ्यार्थी सरकारी नियुक्तियों का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों को लेकर 10 अगस्त को राजभवन के समक्ष रोजगार अदालत लगाया जायेगा। इसमें जज के तौर पर राज्य के शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। बैठक में कौशिक कुमार, अभिनव भगत और अमित कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।