ब्रेकिंग न्यूज़
मोतिहारी निवासी तीन लाख के इनामी राहुल को दिल्ली स्पेशल ब्रांच की पुलिस ने मुठभेड़ करके दबोचापूर्व केन्द्रीय कृषि कल्याणमंत्री राधामोहन सिंह का बीजेपी से पूर्वी चम्पारण से टिकट कंफर्मपूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सांसद राधामोहन सिंह विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगेभारत की राष्ट्रपति, मॉरीशस में; राष्ट्रपति रूपुन और प्रधानमंत्री जुगनाथ से मुलाकात कीकोयला सेक्टर में 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को 9 गीगावॉट से अधिक तक बढ़ाने का लक्ष्य तय कियाझारखंड को आज तीसरी वंदे भारत ट्रेन की मिली सौगातदेश की संस्कृति का प्रसार करने वाले सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर को प्रधामंत्री ने संर्जक पुरस्कार से सम्मानित किया'दंगल' फेम सुहानी भटनागर की प्रेयर मीट में पहुंचीं बबीता फोगाट
झारखंड
उच्च शिक्षा देना सरकार की प्राथमिकता : डॉ नीरा यादव
By Deshwani | Publish Date: 7/7/2017 6:15:22 PM
उच्च शिक्षा देना सरकार की प्राथमिकता : डॉ नीरा यादव

रांची,  (हि.स.)। शिक्षा मंत्री डॉ नीरा यादव ने कहा है कि झारखंड के बच्चों को उच्च शिक्षा देना सरकार की प्राथमिकता है। हमारा प्रयास है कि यहां से बच्चे पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जायें क्योंकि सरकार राज्य में ही इस तरह की सुविधाएं दे रही है। उन्होंने कहा कि हमारा फोकस गुणवत्तायुक्त शिक्षा पर है। इस दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है। डॉ नीरा यादव शुक्रवार को सूचना भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तायुक्त शिक्षा के लिए शिक्षकों की बहाली भी की जा रही है। एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहे। इसे लेकर कई तरह के अभियान भी चलाये जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक विद्यालयों में 16,349 और माध्यमिक विद्यालयों में 1719 शिक्षकों की नियुक्तियां की गयी हैं। वर्ष 2016 में राज्य के माध्यमिक विद्यालयों में 17868 स्नातक प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति के लिए विज्ञप्ति झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा प्रकाशित किया गया। राज्य सरकार द्वारा इन नियुक्तियों को शीघ्र करने की कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2016 में राज्य के प्लस टू विद्यालयों में भौतिकी रसायन शास्त्र एवं इतिहास विषयों में 513 स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति के लिए विज्ञप्ति झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा प्रकाशित कर परीक्षा का आयोजन कर ली गयी है। साथ ही मेधा सूची शीघ्र ही प्राप्त होने वाली है। राज्य योजना एवं राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के सृजित 1336 पदों में से 668 पदों पर सीधी नियुक्ति के लिए अधियाचना झारखंड लोक सेवा आयोग को भेजा गया है। सरकारी माध्यमिक विद्यालयों के सहायक शिक्षकों को 668 पदों पर पदोन्नति के लिए कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विद्या लक्ष्मी योजना में विद्यालयों में बच्चियों का छीजन दर को कम करने तथा उच्च प्राथमिक स्तर पर बालिकाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए इस योजना को लागू किया गया है। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासी विद्यालय के लिए सुदृढीकरण तथा छात्राओं को टैबलेट दिया जा रहा है। यहां पर जल्द ही इंटरमीडिएट स्तर पर वाणिज्य और विज्ञान की पढ़ाई शुरू होगी। छह से 14 वर्ष के बच्चों का विद्यालय में नामांकन के साथ प्रारंभिक शिक्षा पूर्ण करने के उद्देश्य से विद्यालय चलें चलाये अभियान की शुरूआत की गयी है। पहले पढ़ाई और फिर विदायी कार्यक्रम की भी शुरूआत की गयी है।
उन्होंने कहा कि राज्य के युवा वर्ग को सुरक्षा संबंधी शिक्षण एवं प्रशिक्षण में दक्ष बनाने के लिए झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय की स्थापना की गयी है। बेहतर अकादमिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विनोवा भावे विवि, हजारीबाग का विभाजन कर विनोद बिहारी महतो, कोयलांचल धनबाद की स्थापना की जा रही है। नीलाम्बर-पीताम्बर विवि पलामू के भवन निर्माण के लिए जीएलए कालेज पलामू से 25 एकड़ भूमि उपलब्ध करायी जायेगी। राज्य के 12 शैक्षणिक रूप से पिछड़े जिले गढ़वा, कोडरमा, पलामू में मॉडल डिग्री कालेज की स्थापना की जा रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड में अध्ययनरत विद्यार्थियों को अध्ययन और शोध कार्यों में बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना प्रारंभ की जा रही है। इसके लिए वित्तीय वर्ष 2017-18 में पांच करोड़ का बजट प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि विवि एवं महिला महाविद्यालयों में छात्राओं को महाविद्यालय लाने एवं ले जाने के लिए विवि महिला बस सेवा योजना प्रारंभ की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी विवि एवं अंगीभूत महाविद्यालयों में छात्र एवं छात्राओं एवं शिक्षकों के प्रयोगशालाओं के लिए विगत दो वर्ष में 59.25 करोड़ की राशि विवि को उपलब्ध करायी गयी है। साथ ही कोचिंग सेंटरों की भी स्थापना की गयी है, जिसमें निर्धन विद्यार्थी इसका लाभ ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि इसके अलावा प्रोफेसर की नियुक्ति की भी प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही इसे पूरा कर लिया जायेगा। प्रेसवार्ता में शिक्षा विभाग की सचिव आराधना पटनायक, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अजय कुमार सिंह और राजीव लोचन बख्शी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

image
COPYRIGHT @ 2016 DESHWANI. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS