झारखंड
छह लाख की अफीम व लाखों रुपये के साथ तस्कर गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 29/6/2017 8:11:06 PM
रांची, (हि.स.)। पुलिस ने खूंटी थाना के मार्टिन बंगला इलाके से गुरुवार को सुबह छह लाख की अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता पायी है। पुलिस ने तस्कर के पास से छह लाख रुपये नकद, एक हुंडई आई 20 कार और पांच एटीएम भी बरामद किये हैं।
गुरुवार को एसपी अश्विीनी कुमार सिन्हा ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर आई 20 कार(जेएच 02 एके 8756) से अवैध अफीम लेकर जा रहे हैं। सूचना के आलोक में एएसपी अभियान अनुराग राज और एसडीपीओ रणवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर मार्टिन बंगला क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया।
उसी दौरान इट्ठे की ओर से हुंडई कार को आता देख पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही तीन लोग कार से उतर कर भागने लगे। पुलिस ने उनमें से एक तस्कर रवींद्र महतो को खदेड़ कर पकड़़ लिया, जबकि दो तस्कर भागने में सफल रहे। एसपी ने बताया कि रवींद्र महतो चतरा जिले के तेतरिया(पत्थरगड्डा) का रहने वाला है। उसके पास से पांच किलो 250 ग्राम तरल अफीम के अलावा नकद छह लाख के अलावा विभिन्न बैंकों के पांच एटीएम भी बरामद किये।
पुलिस ने हुंडई कार को भी जब्त कर लिया। गिरफ्तार तस्कर ने बताया कि भागने वाले देानों तस्करों में सायको(अड़की) राउत लोहरा और चलीतर डांगी(गिद्धौर, चतरा) शामिल हैं। टीम में एएसपी अभियान अनुराग राज, एसडीपीओ रणवीर सिंह, इंस्पेक्टर अहमद अली शमिल थे। ज्ञात हो कि अब तक पुलिस द्वारा भारी मात्रा में अफीम बरामद की जा चुकी है। गौरतलब है कि दो सप्ताह पहले ही पुलिस ने 18 लाख की अफीम बरामद की थी।