हाथरस कांड: पीड़िता के परिजनों से मिलेंगे राहुल-प्रियंका, डीएनडी पर सुरक्षा बढ़ी, हाथरस में धारा 144 लागू
नोएडा। यूपी के हाथरस गैंगरेप मामले में सियासत तेज हो गई है। विरोधी दल इस मुद्दे को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधने से नहीं चूक रहे हैं। वहीं, इस मामले को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज हाथरस जा रहे हैं । राहुल व प्रियंका यहां पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे।
डीएनडी पर कांग्रेसियों का प्रदर्शन, भारी संख्या में पुलिस बल तैनात, हाथरस बॉर्डर सील
हाथरस गैंगरेप मामले में पीड़िता के परिवार से कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी मिलने जा रहे हैं। जिसको लेकर डीएनडी पर कांग्रेस कार्यकतार्ओं के अलावा भीम सेना के कार्यकर्ता भी मौजूद हैं और लगातार सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने भारी संख्या में पुलिस बल डीएनडी पर लगा रखा है। अभी ये कह पाना मुश्किल होगा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को यूपी बॉर्डर में एंट्री मिलेगी या नहीं।
उधर, पुलिस प्रशासन ने हाथरस बॉर्डर को सील कर दिया है। प्रशासन ने बताया है कि कोरोनावायरस के चलते यहां पर 1 सितंबर से 31 अक्टूबर के बीच जिले में धारा 144 लागू है। इसके अलावा हाथरस में मीडिया को जाने से भी रोका जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मीडिया मामले की जांच में बाधा डाल रही है, जिसकी वजह से उन्हें गांव में नहीं जाने दिया जा रहा है।
हाथरस में पीड़िता के घर पर पुलिस पहरा बढ़ा दिया गया
एडीशनल डीसीपी रणविजय सिंह ने बताया, अभी हमारे पास उनके आने की कोई सूचना नहीं है। हमें मीडिया के माध्यम से पता चला कि वो आ रहे हैं। फिलहाल कुछ भी कह पाना मुश्किल होगा।
जानकारी के अनुसार, हाथरस में पीड़िता के घर पर पुलिस पहरा बढ़ा दिया गया है। वहीं पीड़ित के घर के कुछ दूरी पर ही पुलिस ने बेरिकेड लगा रखे हैं और किसी को आने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
हाथरस जाने से पहले राहुल गांधी ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि यूपी के जंगलराज में बेटियों पर जुल्म और सरकार की सीनाजोरी जारी है। कभी जीते-जी सम्मान नहीं दिया और अंतिम संस्कार की गरिमा भी छीन ली। बीजेपी का नारा ‘बेटी बचाओ’ नहीं, ‘तथ्य छुपाओ, सत्ता बचाओ’ है।
इसके अलावा प्रियंका गांधी ने यूपी में हो रही बलात्कार की घटनाओं पर सरकार को घेरा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, "हाथरस जैसी वीभत्स घटना बलरामपुर में घटी। लड़की का बलात्कार कर पैर और कमर तोड़ दी गई। आजमगढ़, बागपत, बुलंदशहर में बच्चियों से दरिंदगी हुई। यूपी में फैले जंगलराज की हद नहीं। मार्केटिंग, भाषणों से कानून व्यवस्था नहीं चलती। ये मुख्यमंत्री की जवाबदेही का वक्त है। जनता को जवाब चाहिए।"
बता दें कि 14 सितंबर को हाथरस के एक गांव में अकल्पनीय दरिंदगी का शिकार हुई पीड़िता की मंगलवार को दिल्ली के एक अस्पताल में मौत हो गई थी। उसके शरीर में कई फ्रैक्चर आ गए थे, इतनी गंभीर चोटें लगी थीं कि वो पैरालाइज़ हो गई थी। उसके गले में ऐसी चोट आई थी कि उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। अपनी बेटी के साथ दरिंदगी और फिर उसे खोने के गम में डूबे परिवार का दुख तब और बढ़ गया जब यूपी पुलिस पीड़िता का शव लेकर उसके गांव पहुंची और जबरदस्ती परिवार को दरकिनार कर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इस घटना को लेकर राज्य की योगी सरकार चारों और से निशाने पर आ गई है।