राज्य
उत्तर प्रदेश में वीकेंड लॉकडाउन खत्म, सिर्फ रविवार को रहेगी पूर्ण तालाबंदी
By Deshwani | Publish Date: 1/9/2020 5:01:23 PMलखनऊ। लॉकडाउन के बाद अब अनलॉक में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार लगातार नये प्रयोग कर रही है। सरकार ने उत्तर प्रदेश में अब साप्ताहिक बंदी सिर्फ रविवार को ही रखने का फैसला लिया है। अब अनलॉक-4 में प्रदेश में बाजार सुबह नौ से रात नौ बजे तक खोलने का फैसला किया गया है।
योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर टीम-11 के साथ अनलॉक के साथ ही प्रदेश की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। इस बैठक के बाद सीएम ने अफसरों को हर स्तर पर कोविड-19 के खिलाफ बेहतर से बेहतर काम करें। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब शुक्रवार रात से सोमवार सुबह तक की बंदी को समाप्त किया जा रहा है। अनलॉक-4 में रविवार को बंदी रहेगी। इसके अलावा हर रोज बाजार सुबह 9 बजे से रात्रि 9 बजे तक खुलेंगे। उत्तर प्रदेश में अब सिर्फ रविवार को साप्ताहिक बंदी होगी। शनिवार को भी दुकानें खुलेंगी। शनिवार रात 12 बजे से रविवार रात 12 बजे तक पूरी तरह से बंदी रहेगी।
बता दें कि कोरोना वायरस के बढ़ते प्रसार को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार ने पहले वीकेंड लॉकडाउन लगाने का बड़ा फैसला किया था। इसके तहत शुक्रवार रात से रविवार तक पूरा लॉकडाउन लगाया जाता है लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब प्रदेश में हर जगह पर बाजार केवल रविवार को बंद रहेगा। रविवार छोड़ बाकी दिन 12 घंटे यानी सुबह नौ से रात नौ बजे तक दुकानें खुल सकेंगी।