राज्य
दिल्ली विधानसभा चुनाव: नामांकन पत्रों की जांच आज, कुल 1029 उम्मीदवारों ने भरे पर्चे
By Deshwani | Publish Date: 22/1/2020 12:03:57 PMनई दिल्ली। दिल्ली विधान चुनाव के लिए नामांकन भरने का काम समाप्त होने के बाद राष्ट्रीय राजधानी में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार कुल एक हजार 29 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे हैं। नामांकन के अंतिम दिन कल कुल 806 पर्चे भरे गए। नामांकन पत्रों की जांच आज की जा रही है और शुक्रवार तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
कल नामांकन के आखिरी दिन भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और अन्य दलों के अनेक प्रत्याशियों ने विभिन्न चुनाव क्षेत्रों से नामांकन पत्र भरे। नामांकन पत्र भरने के आखिरी दिन कल आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली सीट से पर्चा भरा। इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने सुनील यादव को और कांग्रेस ने रमेश सब्बरवाल को मैदान में उतारा है।
भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार तेजिन्दर पाल सिंह बग्गा ने हरिनगर विधान सभा सीट से और कपिल मिश्रा ने मॉडल टाउन सीट से पर्चा भरा। कांग्रेस उम्मीदवार देवेन्द्र यादव ने बादली से, अभिषेक दत्ता ने कस्तूरबा नगर से और मुकेश शर्मा ने विकासपुरी से नामांकन पत्र दाखिल किया। भारतीय जनता पार्टी, यह चुनाव जनता दल यूनाइटेड और लोक जनशक्ति पार्टी के साथ गठबंधन में लड़ रही है जबकि कांग्रेस का गठजोड़ राष्ट्रीय जनता दल के साथ है। 70 सदस्यों वाली दिल्ली विधानसभा के लिए आठ फरवरी को मतदान होगा, जिसमें करीब एक करोड़ सैंतालीस लाख लोग वोट दे सकेंगे। मतगणना 11 फरवरी को होगी।