राज्य
दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों के लिए 8 फरवरी को होंगे मतदान
By Deshwani | Publish Date: 7/1/2020 12:23:47 PMनई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों के लिए अगले महीने की आठ तारीख को मतदान कराया जाएगा और मतगणना 11 फरवरी को होगी। इस महीने की 14 तारीख को अधिसूचना जारी की जाएगी और 21 जनवरी तक नामांकन पत्र भरने की आखिरी तारीख है।
नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि आयोग स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि चुनाव कराने के लिए 90 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
श्री अरोड़ा ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में एक करोड़ छियासी लाख मतदाताओं के लिए तेरह हजार से अधिक मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 24 फरवरी को समाप्त हो जाएगा। 2015 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 54 प्रतिशत से अधिक मत के साथ 67 सीटों पर जीत हासिल की थी जबकि भारतीय जनता पार्टी 32 प्रतिशत से अधिक मत पाकर तीन सीटें ही जीत पाई। इस चुनाव में कांग्रेस पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली जबकि उसका मत प्रतिशत नौ दशमलव छह पांच था।