राज्य
दिल्ली विधनसभा चुनाव:अगर हमने काम किया हो तो वोट देना, वरना मत देना : केजरीवाल
By Deshwani | Publish Date: 6/1/2020 8:36:00 PM70 साल में ये पहला चुनाव होगा स्कूल और अस्पताल के नाम पर : अरविंद केजरीवाल
नई दिल्ली। दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान होने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पत्रकार वार्ता कर आप सरकार को दोबारा चुनने को लेकर कई तर्क दिए। उन्होंने कहा कि ये चुनाव काम को लेकर होगा। उन्होंने कहा कि पिछले 70 साल में किसी मुख्यमंत्री ने नहीं कहा होगा, लेकिन मैं कहता हूं कि अगर हमने काम किया है तो ही हमें वोट देना, वरना मत देना।
अपनी सरकार के कार्यों का लेखा-जोखा बताते हुए केजरीवाल ने कहा कि ये चुनाव दिल्ली सरकार के काम पर होगा। स्कूल व अस्पताल की सुविधाओं को देखते हुए लोग वोट करेंगे। राज्य सरकार की सकारात्मक-विकासात्मक राजनीति को लोगों ने पसंद किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के लोग ‘आप’ की सरकार बनवाने का मन बना चुके हैं। इस बार 67 सीटों के रिकॉर्ड को भी लोग तोड़ना चाहते हैं।
केजरीवाल ने कहा कि भारत के इतिहास में पहली बार लोग काम की तुलना करेंगे। जनता देखेगी कि दिल्ली में पुलिस, निगम और डीडीए संभालने वाली भाजपा ने क्या किया है। वहीं जल बोर्ड और पीडब्ल्यूडी जैसे विभागों के जरिए जन सेवा में जुटी आम आदमी पार्टी ने कितने बेहतर कार्य किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच साल का कामकाज लेकर दिल्ली में सबके घर जाएंगे। हमारे उत्कृष्ट श्रेणी के स्कूलों में बच्चों के स्मार्ट शिक्षा मिल रही है। हमारे संरचनात्मक विकास को लोगों ने सराहा है और इसे वो अपने वोटों के जरिए सही भी साबित करेंगे।