राज्य
राजस्थान: पटाखों की चिंगारी से प्लास्टिक के चार मंजिला गोदाम में लगी आग, कड़ी मशक्कत के बाद बुझी आग
By Deshwani | Publish Date: 28/10/2019 12:03:02 PMउदयपुर। उदयपुर शहर के सूरजपोल थानांतर्गत अमल का कांटा क्षेत्र में रविवार रात पटाखों के चलते एक प्लास्टिक के गोदाम प्रियंक प्लास्टिक में आग लग गई। इससे यह चार मंजिला गोदाम स्वाह हो गया। घनी आबादी में स्थित इस गोदाम में आग के चलते आस-पड़ोस के घरों में भी दहशत का माहौल हो गया। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे लगी आग को सुबह करीब 4 बजे काबू पाया जा सका। दमकल की गाड़ियों के करीब 30 फेरे लगे, तब जाकर आग बुझ सकी।
लोगों ने बताया कि आग पटाखों की चिंगारी के गोदाम के अंदर गिर जाने से लगी। जब तक लोग समझ पाते तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। आग ऐसी भभकी कि आसपड़ोस के लोगों को भी घर से बाहर निकलना पड़ा। पास के मकानों की दीवारें भी गर्म हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां पहुंची और मोर्चा संभाल लिया। आग से पूरा गोदाम जल गया।