राज्य
असम: उल्फा (स्वा) के दो सदस्यों ने किया आत्मसमर्पण, सुरक्षा बलों को सौंपे भारी मात्रा में हथियार
By Deshwani | Publish Date: 25/10/2019 11:52:52 AMतिनसुकिया (असम)। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट आफ असम (उल्फा) को हाल के दिनों में काफी झटका लगा है। संगठन के काफी संख्या में कैडर आत्मसमर्पण कर राष्ट्र की मुख्यधारा में शामिल हो चुके हैं। जिले के लेखापानी में उल्फा स्वाधीन (स्वा) के दो सदस्यों ने गुरुवार रात पुलिस के समक्ष अपने हथियार सौंपकर आत्मसमर्पण कर दिया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात जिले के मार्घेरिटा सर्किल अंतर्गत लेखापानी में उल्फा (स्वा) के दो सदस्यों ने हथियार के साथ आत्मसमर्पण कर दिया। दोनों की पहचान बरडूमसा थानांतर्गत मेहलिरी गांव निवासी लोहित असम उर्फ विजय क्रांति बोरा और राजगढ़ के टिंगखांग निवासी राणा असम उर्फ प्रांजल कटकी के रूप हुई है।
लेखापानी पुलिस, सीआरपीएफ की 210वीं कोबरा बटालियन, सीआरपीएफ की 68वीं बटालियन, सेना की 9वीं राजपूताना राइफल्स और 21 पैरा फोर्स द्वारा चलाए जा रहे संयुक्त अभियान के चलते दोनों उग्रवादी आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर हुए। दोनों उग्रवादियों ने सुरक्षाबलों के सामने दो एमक्यू-81 राइफल, एके सीरीज राइफल की दो मैगजीन समेत 40 राउंड सक्रिय गोली व अन्य सामान सौंपा है।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि सरकार के आत्मसमर्पण योजना के अधीन उग्रवादियों को सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले असम राइफल और अरुणाचल पुलिस के संयुक्त अभियान में अरुणाचल प्रदेश के चांग्लांग जिले में उल्फा (स्वा) के एक खूंखार कैडर को गिरफ्तार किया था। उग्रवादी की पहचान रूपांतर असम उर्फ डाबर असम के रूप में हुई थी। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही दोनों उग्रवादियों ने बीती रात आत्मसमर्पण किया है।