राज्य
मऊ में सिलिंडर फटने से दो मंजिला मकान ढहा, दस लोगों की मौत, कई घायल
By Deshwani | Publish Date: 14/10/2019 11:06:53 AMमऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ में सिलेडंर फटने से पूरा का पूरा दो मंजिला मकान जमींदोज हो गया। जिले के मोहम्दाबाद कोतवाली क्षेत्र के वलीदपुर गांव में आज सुबह एक घर में रसोई गैस का सिलिंडर फटने से दस लोगों की मौत हो गई है, जबकि 15 लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए हैं। धमाका इतना जोरदार था कि बगल का मकान भी गिर गया।
घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्या पुलिस-प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की सूचना है। फिलहाल 15 घायलों को निकाला जा चुका है। उन्हें इलाज के लिए आजमगढ़ और मऊ भेजा जा रहा है। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा शोक जताते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।