राज्य
बुलंदशहर में सड़क किनारे सो रहे श्रद्धालुओं को बस ने रौंदा, सात की मौत
By Deshwani | Publish Date: 11/10/2019 10:59:00 AMबुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में आज तड़के एक तेज रफ्तार बस ने सड़क किनारे सो रहे श्रद्धालुओं को कुचल दिया। हादसे में एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक हाथरस के रहने वाले हैं और बुलंदशहर स्थित नरौरा घाट पर गंगा स्नान करने के बाद के बाद लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार हाथरस जनपद के थाना चंदपा के गांव मोहनपुरा से तीन अक्टूबर को 56 लोग बस से वैष्णो देवी की यात्रा निकले थे। पहले यह लोग हरिद्वार पहुंचे। वहां से तीर्थयात्रियों की बस नरोरा में गांधी घाट पर पहुंची। रात अधिक होने के कारण ड्राइवर ने आगरा-मुरादाबाद हाईवे के निकट नरोरा में गांधी घाट पर बस खड़ी कर दी। कुछ यात्री खड़ंजा पर सो गए। आज सुबह एक अन्य बस ने सो रहे लोगों को रौंद दिया। मृतकों में चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। हादसे के बाद आरोपित ड्राइवर बस छोड़कर वहां से फरार हो गया। हादसे में जख्मी कुछ लोगों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।