राज्य
पुणे में भीषण बारिश से हालात बेकाबू, सभी शिक्षण संस्थान में छुट्टी घोषित
By Deshwani | Publish Date: 26/9/2019 10:55:50 AMपुणे (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के पुणे में बीती रात से हो रही भारी बारिश के कारण अभी तक सात लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कुछ लोग लापता बताए जा रहे हैं। इलाके में बारिश इतनी भीषण हुई की बारिश का पानी अपने साथ गाड़ियों तक को बहा ले गया।
जानकारी के अनुसार पुणे जिले में बारिश के कारण हालात बेकाबू हो गए हैं। शहर के सहकार नगर में बुधवार रात बारिश के दौरान दीवार ढहने से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग नाले में बह गए। पुणे पुलिस के मुताबिक जिले के खेड़ शिवपुर के पास उफनाए नाले में पांच लोग बह गए। अब तक तीन शव बरामद किए गए हैं, जबकि दो लोगों की तलाश जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। प्रशासन ने पुणे के सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के आदेश दिए हैं।
शहर के कात्रज, बीबेवाड़ी, सिंहगढ़ और सहकार नगर जलमग्न हो गए हैं। बिजली आपूर्ति ठप है। यातायात प्रभावित है। एनडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। मौसम विभाग के अलर्ट के मद्देनजर प्रशासन ने मछुआरों को समुद्र तट के पास नहीं जाने की हिदायत दी है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले जून में पुणे के कोंडवा इलाके में दीवार गिरने से 15 मजदूरों की मौत हो गई थी।