राज्य
सीबीआई की विशेष अदालत ने बाबरी मस्जिद मामले में कल्याण सिंह को सम्मन जारी किया
By Deshwani | Publish Date: 22/9/2019 8:22:25 PMलखनऊ। केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई की विशेष अदालत ने लखनऊ में बाबरी मस्जिद गिराये जाने के मामले में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी नेता कल्याण सिंह को सम्मन जारी किए हैं। उन्हें 27 सितम्बर को अदालत में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। इस अदालत में अयोध्या में विवादित राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद स्थल पर मस्जिद गिराये जाने की कथित साजिश के मामले में भाजपा नेताओं-लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, उमा भारती और अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चलाया जा रहा है।
इस महीने के पहले सप्ताह में राजस्थान के राज्यपाल के रूप में कल्याण सिंह का कार्यकाल समाप्त होने के बाद विशेष न्यायाधीश एस. के. यादव ने कल यह सम्मन जारी किया। सीबीआई ने 9 सितम्बर को ही इस संबंध में अदालत में अर्जी दाखिल की थी। राज्यपाल का पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करने के बाद कल्याण सिंह इस महीने फिर से भाजपा में शामिल हो गये हैं। इस मामले के सभी आरोपी जमानत पर हैं। उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर इस मामले की सुनवाई दैनिक आधार पर चल रही है।