राज्य
बबीता फोगाट का हरियाणा पुलिस से इस्तीफा, भाजपा के टिकट पर लड़ सकती हैं चुनाव
By Deshwani | Publish Date: 12/9/2019 12:05:18 PMनई दिल्ली/चंडीगढ़। दिग्गज महिला पहलवान बबीता फोगाट का हरियाणा पुलिस के इंस्पेक्टर पद से इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। माना जा रहा है कि बबीता भाजपा के टिकट पर दादरी या बाढ़डा सीट से विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं। कुछ दिन पहले ही बबीता ने पिता महावीर फोगाट के साथ केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू की मौजूदगी में भाजपा का दामन थामा था।
पिछले माह ही बबीता ने ट्विटर पर लिखा था, ''आज भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़कर राजनीति में नई शुरुआत कर रही हूं। आप सबसे भी आह्वान करती हूं कि आप भी भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़कर भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के हाथों को मजबूत करें।''
गौरतलब है कि हरियाणा में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। इसी के मद्देनजर सत्तारूढ़ बीजेपी अपने कुनबे को और मजबूत करने के लिए प्रयास कर रही है। बीजेपी ने हरियाणा के लिए नरेंद्र सिंह तोमर को चुनाव प्रभारी बनाया गया है। भूपेंद्र सिंह को सह प्रभारी बनाया गया है। पार्टी ने इस बार 90 सीटों में से 75 प्लस का नारा दिया है।