राज्य
प्रतिबंधित संगठन सिमी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष को गुजरात पुलिस ने आजमगढ़ से दबोचा
By Deshwani | Publish Date: 6/9/2019 2:37:06 PMआजमगढ़/अहमदाबाद। गुजरात पुलिस ने यूपी के आजमगढ़ जिले से गुरुवार की रात को प्रतिबंधित संगठन स्टूडेंड इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) के संस्थापक सदस्य और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शाहिद बद्र को गिरफ्तार कर लिया। शाहिद के खिलाफ 18 साल पहले गुजरात के कच्छ जिले में भड़काऊ भाषण देने का आरोप है। इस मामले में छह साल पहले कोर्ट से उसकी गिरफ्तारी का वारंट जारी हुआ था लेकिन तब से वह फरार था।
शाहिद की आजमगढ़ शहर में कर्बला मैदान के पास डिस्पेंसरी है। वह गुरुवार की देर शाम अपनी डिस्पेंसरी बंद करके घर गए थे, तभी रात लगभग आठ बजे उनके घर पर गुजरात पुलिस पहुंच गई और गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद गुजरात पुलिस उसे नगर कोतवाली लेकर पहुंची जहां बड़ी संख्या में उसके समर्थक और वकील भी पहुंचे। डा. शाहिद बद्र के अधिवक्ता खालिद ने बताया कि यह काफी पुराना मामला है लेकिन उनके क्लांइट को बिना ट्रांजिट रिमांड के सीधे गुजरात नहीं ले सकती।
एसपी सिटी पंकज कुमार पांडेय का कहना है कि शाहिद बद्र के खिलाफ देशद्रोह और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा गुजरात में चल रहा था। इसी सिलसिले में गुजरात पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी की है। गुजरात पुलिस कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भी उन्हें गुजरात लेकर जायेगी।