राज्य
कुशीनगर में युवक की गला दबा कर की हत्या, मामले की छानबीन में जुटी पुलिस
By Deshwani | Publish Date: 19/8/2019 1:56:10 PMकुशीनगर। जिले में रामकोला थाना क्षेत्र के ग्राम दिहुलिया मनियाछपरा के भरपटिया टोला निवासी युवक शनिवार की रात में गांव के समीप स्थित पोखरे पर मछलियों की रखवाली कर रहा था। इस दौरान बदमाशों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी रविवार की सुबह हुई। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
भरपटिया निवासी रामअशीष साहनी उम्र 46 वर्ष पट्टे पर पोखरा लेकर मछली पालन का व्यवसाय करता था। गांव के समीप ही उसने पट्टे पर पोखरा लेकर उसमें मछली के बच्चे डाले थे। प्रतिदिन रात में मछलियों की पहरेदारी के लिए वह पोखरे पर ही रहता था और सुबह घर वापस लौटता था। शनिवार की रात भी खाना खाने के बाद वह पोखरे पर चला गया।
रविवार की सुबह काफी देर बाद भी वापस घर नहीं लौटा तो उसका भतीजा राजेश पोखरे पर गया। वहां रामअशीष का शव पड़ा हुआ था। रामअशीष की गला दबाकर हत्या कर दी गयी थी। घटना की जानकारी होने पर रामकोला पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी और शव को कब्जे में लेकर पोष्टमार्टम के लिए भेजते हुए घटना की छानबीन में जुट गयी।