राज्य
जिस मकान को लेकर विधायक आकाश विजयवर्गीय ने चलाया बल्ला, उसे नगर निगम ने किया ध्वस्त
By Deshwani | Publish Date: 5/7/2019 1:37:10 PMइंदौर। भाजपा विधायक आकाश विजयवर्गीय ने 26 जून को जिस मकान को गिराने से रोकने के लिए नगर निगम कर्मी पर बल्ला चलाया था, उस मकान को नगर निगम की टीम ने आज सुबह गिरा दिया। पूरे प्रदेश की राजनीति को गरमा देने वाले इस मकान को गिराने की कार्रवाई के दौरान पूरी तरह खामोशी छाई रही।
अदालत के आदेश पर इंदौर नगर निगम की टीम आज सुबह 10 बजे उपायुक्त महेंद्र चौहान के नेतृत्व में गंजी कंपाउंड पहुंची। इसके बाद जेसीबी और अन्य उपकरणों की सहायता से मकान को गिराने की कार्रवाई शुरू की गई। जर्जर मकान को जमींदोज करने में करीब दो घंटे का समय लगा लेकिन इस दौरान किसी तरह का विवाद या शोरशराबा नहीं हुआ। नगर निगम की टीम ने बिना किसी व्यवधान के अपने काम को पूरा किया।