राज्य
शराब व्यवसाई की लूट के साथ उसकी हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 9/6/2019 8:25:09 PMकुशीनगर। भानु तिवारी। जिले के तरयासुजान थाना क्षेत्र के लतवाचट्टी बाजार में दो माह पूर्व शराब व्यवसाई की लूट के साथ उसकी हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर उसे जेल भेज दिया। जबकि घटना में शामिल अन्य तीन आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार मुख्य आरोपी के खिलाफ यूपी व सीमावर्ती बिहार के कई थानों में पहले से ही दर्जनों संगीन मामले दर्ज हैं। इनमें से कई मामलों में वह वांछित चल रहा था।
सरया खुर्द निवासी शराब व्यवसाई तारकेश्वर गुप्ता लतवा बाजार मे देशी शराब की दुकान का अनुज्ञापी था। बीते 11 अप्रैल की शाम दुकान से घर जाते समय मुख्य पश्चिमी गंडक नहर के पटरी पर बनी पिच सड़क पर बदमाशों ने लूट की नियत से घटना को अंजाम देते हुए उसकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद से ही पुलिस मामले में मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों की खोजबीन में जुट गई थी।
रविवार को सीओ राणा महेन्द्र प्रताप सिंह व एसओ सुशील कुमार शुक्ल ने बताया कि पुलिस हस हत्याकांड की छानबीन में गहनता से जुटी थी। मुखबिर की सूचना एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर घटना के मुख्य आरोपी मठिया श्रीराम निवासी बृजमोहन पांडेय को पुलिस ने तिनफेड़िया रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी पकड़े जाने के भय से कहीं भागने के फिराक मे था। पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर घटना में शामिल हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी बृजमोहन पांडेय ने बताया कि पैसे की लालच में उसने अपने तीन अन्य साथियों के साथ घटना को अंजाम दिया था।