राज्य
महाराष्ट्र: कांग्रेस को तगड़ा झटका, दो वरिष्ठ नेताओं ने दिया इस्तीफा
By Deshwani | Publish Date: 5/6/2019 11:16:12 AMमुंबई। लोकसभा चुनाव में हार के बाद महाराष्ट्र में कांग्रेस को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। पार्टी के दो वरिष्ठ नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल और अब्दुल सत्तार ने इस्तीफा दे दिया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि ये दोनों नेता जल्द ही बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।
इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस विधायक राधाकृष्ण विखे पाटिल ने कहा, मैंने लोकसभा चुनाव के दौरान भी पार्टी के लिए प्रचार नहीं किया था। मुझे हाईकमान पर शक नहीं है। उन्होंने मुझे विपक्ष का नेता बनने का भी मौका दिया। मैंने इस पद पर रहते हए बेहतर काम करने भी कोशिश की। पर, हालात ने मुझे इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया है। वहीं कांग्रेस विधायक अब्दुल सत्तार ने इस्तीफा देने के बाद कहा, '8 से 10 विधायक भाजपा के साथ संपर्क में हैं। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व से बेहद निराश होने के बाद मैं यह कदम उठाने के लिए मजबूर हुआ हूं। प्रदेश नेतृत्व के कारण पार्टी यहां धीरे-धीरे समाप्त हो रही है।'
बता दें कि लोकसभा चुनाव के दौरान महाराष्ट्र में भी कांग्रेस की करारी हार हुई है। सूबे की 48 सीटों में से कांग्रेस को सिर्फ 1 सीट पर जीत मिली है। जबकि बीजेपी और शिवसेना ने मिलकर 41 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं एनसीपी के खाते में 4 सीटें आईं।