राज्य
नरेन्द्र मोदी के राज्याभिषेक के पहले काशी में समर्थकों ने किया मां गंगा का दुग्धाभिषेक
By Deshwani | Publish Date: 30/5/2019 1:18:22 PMवाराणसी। देश की राजधानी दिल्ली में आज शाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शपथ ग्रहण (राज्याभिषेक) के पहले उनके संसदीय क्षेत्र काशी में विप्र समाज ने रानी अहिल्याबाई घाट पर मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया। विप्र समाज काशी के तत्वावधान में शास्त्रार्थ महाविद्यालय के वैदिक बटुक, भाजपा कार्यकर्ता सूर्योदय के बाद अहिल्याबाई घाट पर जुटे। यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अगुवाई में राष्ट्र को सशक्त बनाने के लिए वैदिक मंत्रोंच्चार के बीच मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर पूजन अर्चन किया।
इस दौरान कार्यक्रम के संयोजक पवन शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की माँ गंगा में सदैव आस्था रही हैं। वे जब भी काशी आते हैं तो गंगा आरती में शामिल होते रहे हैं। इसलिए उनके शपथ ग्रहण के पूर्व गंगा मैया का पूजन किया गया। वैदिक मंत्रोचार के साथ बटुकों एवं कार्यकर्ताओं ने मां गंगा का अभिषेक किया।
इसके बाद औपचारिक रूप से पीएम के फोटो पर ब्राह्मणों ने तिलक करते हुए घाट पर मिठाईयां बांटी। कार्यक्रम में कामेश तिवारी, अंकित बाजपेयी, विशाल औढेकर, सुनील तिवारी, पंकज तिवारी, जितेंद्र धर, यशदत्त मिश्र, रोहित मिश्रा,तरुण शास्त्री, शीतांशु शास्त्री, सत्यम पांडेय आदि शामिल रहे।