राज्य
छत्तीसगढ़: पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, एनकाउंटर में 8 लाख का इनामी नक्सली ढेर
By Deshwani | Publish Date: 2/5/2019 3:56:48 PMदंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिला पुलिस ने आज सुबह एक मुठभेड़ में आठ लाख के इनामी वर्दीधारी हार्डकोर नक्सली कमांडर रोशन को ढेर कर दिया। उसके पास से एक बंदूक बरामद हुई है।
गुरुवार को आईजी (बस्तर) विवेकानंद सिन्हा ने बताया कि आज सुबह किरंदुल थाने से संयुक्त पुलिस बल गश्त सर्चिंग के लिए रवाना हुआ था। ग्राम पेरपा के समीप जंगल में घात लगाए नक्सलियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया। करीब एक घंटे की मुठभेड़ के बाद नक्सली घने जंगल और पहाड़ी का फायदा उठाकर भाग गए। वर्दीधारी नक्सली का एक शव बरामद हुआ है। उसकी शिनाख्त रोशन मुईया कमांडर प्लाटून नंबर 24 के रूप में हुई है। उस पर सरकार ने आठ लाख रुपये का ईनाम घोषित किया था।
घटनास्थल से 315 बोर की एक बंदूक और दैनिक उपयोग की तमाम वस्तुएं बरामद हुई हैं। रोशन मलांगिर एरिया कमेटी में सक्रिय रहकर बड़ी वारदातों में शामिल रहा है। इसके अलावा बुरकापाल हमले का भी मास्टरमाइंड रहा है।