राज्य
मनोरोगी किशोरी के साथ उसके मौसा ने ही किया दुष्कर्म
By Deshwani | Publish Date: 23/4/2019 6:34:10 PM कुशीनगर। भानु तिवारी।
कुशीनगर। जिले के रामकोला थाना क्षेत्र के एक गाँव की मनोरोगी किशोरी के साथ सोमवार की शाम उसके मौसा ने दुष्कर्म किया। मंगलवार को पीड़िता को लेकर थाने पहुंची उसकी मां ने पूरी घटना की जानकारी दी। एसओ ने जांच के लिए पुलिस कर्मियों को गांव भेज दिया। पीड़िता की मां ने मामले में कार्रवाई की मांग की।
रामकोला थाना क्षेत्र के एक गाँव निवासी एक 16 वर्षीय किशोरी की मौसी भी गांव में ही रहती हैं। आरोप है कि रविवार की शाम किशोरी अपनी मौसी के घर गई थी। उस समय मौसी घर पर नहीं थी। इसी बीच मौसा पहुंच गया और किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। बाद में रोते-बिलखते किशोरी घर पहुंची और मां को आपबीती बताई।
एसओ दिलीप कुमार पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। मामले की जांच पड़ताल के लिए पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजा गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।