राज्य
निर्माणाधीन इमारत गिरने से दो मजदूरों की मौत, फंसे लोगों को बचाने के लिए प्रयास जारी
By Deshwani | Publish Date: 5/4/2019 2:16:43 PMबेंगलुरु। बेंगलुरु के यशवंतपुर में आज सुबह एक चार मंजिला निर्माणाधीन इमारत के एक हिस्से के ढह जाने से दो लोगों की मौत हो गई और 5 लोग घायल हो गए। बचाव टीम मौके पर पहुंचकर फंसे लोगों को निकालने का प्रयास कर रही है। राहत कार्य के लिए मौके पर 10 एंबुलेंस और 5 दमकल की गाड़ियां मौजूद हैं।
पुलिस के अनुसार, आज सुबह करीब साढ़े चार बजे यह हादसा हुआ। बताया जाता है कि एपीएमसी परिसर में निर्माणाधीन मल्टीलेवल कार पार्किंग की इमारत में तीसरी मंजिल पर मजदूर छत पर कंक्रीट का मिश्रण डाल रहे थे। उसी दौरान छत ढह गई और मलबे में कई मजदूर दब गए।
हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। दोनों मृतकों की पहचान बिहार निवासी राहुल और पश्चिम बंगाल निवासी राकेश के रूप में हुई है। हादसे में घायल लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माणस्थल पर लगभग 50 मजदूर काम कर रहे थे। पुलिस इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।