राज्य
ट्रक और बोलेरो के बीच भीषण टक्कर में सात लोगों की मौत, दो गम्भीर
By Deshwani | Publish Date: 16/3/2019 1:04:51 PMकोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में देर रात सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हुई है। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल हुए लोगों को कोंडागांव अस्पताल ले जाया गया जहां पांच लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं दो लोग गम्भीर रूप से घायल हुए हैं जिनका उपचार जारी है।
मृतकों में अब तक तीन लोगों की पहचान हुई है जिसमें बोलरो वाहन चालक सुन्दर, बसन्ती बघेल, ललिता एवं घायलों में गोविंद और एक महिला शामिल हैं। बोलरो में नौ लोग सवार थे। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि बोलरो घटनास्थल से 50 मीटर दूर तक घिसटती गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार एनएच 30 दुधगांव पर लोहे और गिट्टी से भरे ट्रक और बोलेरो के बीच टक्कर से यह हादसा हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे शव को निकालने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ लोगों ने बताया कि ओवरटेक करने के प्रयास में ट्रक की बोलेरो से टक्कर हुई। मृतकों में एक ही परिवार के पांच लोग हैं। मृतकों में पांच पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। ट्रक की गति इतनी अधिक थी कि दुर्घटना के बाद बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। हादसे का शिकार हुआ परिवार दहीकोंगा का बताया गया है। यह परिवार अपने रिश्तेदार के यहां किसी शोक सभा में शामिल होने कुलारगांव गया था। कार्यक्रम के बाद ये लोग बोलेरो वाहन में सवार होकर लौट रहे थे तभी ट्रक ने टक्कर मार दी।
घटना की सूचना पर कोंडागांव पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।