राज्य
लोकसभा चुनाव: यूपी में बीजेपी नेता को मिलेगी आज अहम जिम्मेदारी, शाम को होगी बैठक
By Deshwani | Publish Date: 9/3/2019 2:27:39 PMलखनऊ। अगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी अपनी तैयारियां जोरों पर कर रही है। संगठनात्मक कार्यक्रम का खाका तैयार करने के बाद पार्टी का रुख रणनीति तैयार करने पर है। इसी क्रम में आज भाजपा संगठन के पदाधिकारी और प्रदेश सरकार के मंत्रियों के साथ बैठकर उन्हें चुनावी जिम्मेदारी देने पर विचार होगा।
इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय व भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल, मंत्रियों के साथ चुनावी तैयारियों पर मंथन करेंगे।
जानकारी के मुताबिक, शाम 7 बजे भाजपा मुख्यालय पर ये बैठक होगी। 80 लोकसभा क्षेत्रों में मंत्रियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएगी। इसके साथ ही मंत्रियों को रोजाना अपने लोकसभा क्षेत्रों की रिपोर्ट देनी होगी। इस दौरान मंत्रियों को चुनाव के लिए अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों का जिम्मा दिया जा सकता है।
बैठक में सांसदों और विधायकों के बीच सामंजस्य को लेकर दिशा निर्देश दिए जाएंगे। अभी हाल में हुए जूताकांड के बाद से पार्टी की काफी किरकिरी हुई है। विपक्षियों को निशाना साधने का मौका भी मिल गया है। ऐसा आचरण अब न हो इसके लिए पार्टी की तरफ से निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही उन्हें आचार संहिता लगने के बाद संयमित व्यवहार और सरकारी सुविधाओं का इस्तेमाल न करने की भी सलाह देंगे।