राज्य
भारत-पाक के बीच बढ़े तनाव के बाद, पाकिस्तानी कैदियों की सुरक्षा बढ़ाई
By Deshwani | Publish Date: 27/2/2019 3:30:25 PMकोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के दो सुधारगृहों में रह रहे पाकिस्तान के 14 लोगों को कड़ी सुरक्षा वाली कोठरियों में भेज दिया है। यह कदम भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ रहे तनाव के मद्देनजर उठाया गया है।
राज्य सरकार का यह कदम ऐसे समय आया है जब कुछ दिन पहले राजस्थान के जयपुर केंद्रीय कारागार में पाकिस्तान के 50 वर्षीय एक कैदी की उसके साथ रह रहे लोगों ने हत्या कर दी थी।
पश्चिम बंगाल सुधार सेवाओं के अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान की जेल में हुई घटना को ध्यान में रखते हुए पाकिस्तान के बंदियों को अन्य कैदियों से अलग रखे जाने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। उन्हें कड़ी सुरक्षा वाली कोठरियों में भेज दिया गया है। इनमें अमेरिकन सेंटर हमले और माओवादियों को रखा गया है।
सूत्रों के मुताबिक इनमें से अधिकतर कैदियों का अपने साथियों के साथ अच्छा संबंध है, पर फिर भी पुलवामा हमले के बाद की घटनाओं को देखते हुये किसी प्रकार का जोखिम नहीं लेना चाहते।