राज्य
मध्यप्रदेश: भाजपा ने कलेक्टोरेट पर गाया सामूहिक वंदे मातरम्, बाेले- देशभक्ति में हम सबसे आगे
By Deshwani | Publish Date: 7/1/2019 1:39:00 PMइंदौर। हर माह की पहली तारीख को मंत्रालय के सामने सामूहिक वंदे मातरम् पर रोक लगाने के फैसले पर भले ही कमलनाथ सरकार ने यू टर्न ले लिया हाे, लेकिन भाजपा इसे बड़ा मुद्दा बनाना चाहती है। इसी के तहत भाजपा की शहर इकाई ने आज सुबह 11 बजे कलेक्टोरेट के मुख्य गेट पर सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गान किया। वंदे मातरम् गायन के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
गायन के दौरान पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, नगर अध्यक्ष गोपी नेमा, शंकर लालवानी, मधु वर्मा, डीएन तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता शामिल हुए। सामूहिक गीत के बाद भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जब भी कांग्रेस सरकार बनी वह देशभक्ति से जुड़े मामलों में हमेशा ऐसा गलत कदम उठाती रही है। हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। भाजपा इस देश की ऐसी पार्टी है जो कथनी और करनी दोनों ही लिहाज से देशभक्ति में सबसे आगे है। लालवानी ने कहा कि सरकार को हमारे दबाव के कारण यू-टर्न लेना पड़ा है।