राज्य
अंबाला में दो गाड़ियों को ट्राले ने मारी टक्कर, छह की मौत
By Deshwani | Publish Date: 29/12/2018 11:18:17 AMअंबाला। चंडीगढ़ से वृंदावन जाते समय आज सुबह टवेरा गाड़ी को ट्राले ने टक्कर मार दी। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। सभी घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए शहर के नागरिक अस्पताल से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
मृतकों में कविता कपूर (36) पत्नी राजेश कपूर, रंजना (18) पुत्री राजेश, हर्षिता (9) पुत्री राजेश, आशा रानी (46) पत्नी लेट गुरदीप सिंह, पीयुष (5) निवासी (मकान नंबर 73ए सेक्टर-30) चंडीगढ़ व गाड़ी का चालक सुरेश कुमार (45) शामिल हैं, जबकि सुनीता, रेणुका शर्मा और पलक निवासी चंडीगढ़ को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया गया। चंडीगढ़ के कुछ लोग दो टवेरा गाड़ियों में वृंदावन जा रहे थे।
अम्बाला में स्थित ड्राइव ईन-22 रिसोर्ट के पास दो टवेरा गाड़ियों में से एक गाड़ी खराब हो गई। तभी पीछे से एक ट्राला आया और दोनों गाड़ियों को टक्कर मार कर भाग गया। इससे टवेरा में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तत्काल घायलों को सिविल अस्पताल अंबाला शहर में लाया गया, जहां छह लोगों की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को डॉक्टरों ने पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।