राज्य
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव: कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हुआ शुरू
By Deshwani | Publish Date: 28/11/2018 11:02:15 AMभोपाल। मध्य प्रदेश की सभी 230 सीटों के लिए मतदान आज शुरू हो गया है। पूरे राज्य में मतदान को एक ही चरण में रखा गया है। प्रदेश में कुल 65367 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 17 हजार मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है जहां केंद्रीय पुलिस बल को तैनात किया गया है और साथ ही वेबकास्टिंग का भी इंतजाम किया गया है। इसके अलावा इन बूथों पर माइक्रो पर्यवेक्षक भी तैनात रहेंगे। इस बार सभी मतदान केंद्रों पर मतदान के लिए ईवीएम के साथ-साथ वीवीपैट का इस्तेमाल किया जाएगा। यह पहली बार है मध्यप्रदेश विधानसभा की चुनाव में वीवीपैट का इस्तेमाल किया जा रहा है।
निर्वाचन पदाधिकारी वीएल कांता राव ने बताया है कि इस बार राज्य में कुल पांच करोड़ चार लाख 95 हजार 251 मतदाता अपने मतों का इस्तेमाल करेंगे। इसमें कुल दो करोड़ 63 लाख एक हजार तीन सौ पुरुष मतदाता, दो करोड़ 41 लाख तीस हजार 390 महिला और 1389 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।