राज्य
एमपी विधानसभा चुनाव: भाजपा को लगा झटका, ग्वालियर की पूर्व मेयर समीक्षा गुप्ता ने दिया इस्तीफा
By Deshwani | Publish Date: 15/11/2018 3:51:52 PMभोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में बीजेपी नेताओं के लगातार इस्तीफे से पार्टी में हलचल मची हुई है। इसी बीच ग्वालियर की पूर्व मेयर और पार्टी की महिला नेता समीक्षा गुप्ता ने इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद वो विधानसभा चुनाव के लिए मैदान में निर्दलीय ही खड़ी हुई हैं। बता दें कि इसके पहले हाल ही में राजस्थान से भाजपा के मानवेन्द्र सिंह भी पार्टी छोड़ कांग्रेस में शामिल हो चुके है।
ग्वालियर दक्षिण सीट से भाजपा टिकट की दावेदार समीक्षा गुप्ता ने विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। समीक्षा गुप्ता ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने 20 साल तक पार्टी की सेवा की, लेकिन फिर भी उन्हें टिकट नहीं दिया गया। ग्वालियर दक्षिण सीट से भाजपा के तीन बार विधायक और मंत्री रहे नारायण सिंह कुशवाह भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर फिर से चुनाव लड़ रहे हैं।
समीक्षा गुप्ता ने ग्वालियर दक्षिण विधानसभा सीट से बतौर निर्दलीय नामांकन पत्र भरा है। समीक्षा ग्वालियर में 2009 से 2015 तक भाजपा की महापौर रही हैं। मंगलवार को अपने घर में समीक्षा ने मीडिया से कहा कि वे अपने इलाके की जनता के आह्वान पर चुनाव लड़ रही हैं। उन्होने आरोप लगाया कि भाजपा में अब सबसे ज्यादा परिवारवाद हो गया है और समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है। इन्ही कारणों से उन्होंने त्यागपत्र दे दिया है।