राज्य
व्यापम घोटाला: कमलनाथ, दिग्विजय और सिंधिया पर एफआईआर दर्ज करने के आदेश
By Deshwani | Publish Date: 27/9/2018 5:58:47 PMभोपाल। बहुचर्चित व्यापमं घोटाले में भोपाल के डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने कांग्रेस नेताओं दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया औऱ आईटी एक्सपर्ट प्रशांत पांडे के खिलाफ पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है।
भाजपा के कानून प्रकोष्ठ के पदाधिकारी संतोष शर्मा के परिवाद पर कोर्ट ने चारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर चार अक्टूबर को कोर्ट में रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया है। संतोष शर्मा ने परिवाद में कहा था कि चारों व्यक्ति कोर्ट को गुमराह कर रहे हैं। चारों ने मीडिया व कोर्ट में गलत दस्तावेज पेश किए हैं, इसके लिये चारों के खिलाफ धारा 420, 466 व 468 के तहत केस दर्ज किया जाना चाहिए।
बता दें कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कुछ दिनों पहले भोपाल कोर्ट में परिवाद दायर किया था, और आरोप लगाया था कि व्यापमं घोटाले की जांच एजेंसियां सीबीआई, एसटीएफ और एसआईटी मुख्यमंत्री सहित सभी बड़े आरोपियों को बचा रही हैं। 22 सितंबर को दिग्विजय सिंह ने व्यापमं घोटाले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती सहित आठ पुलिस अधिकारियों के परिवाद पेश कर बयान दर्ज कराए थे। दिग्विजय सिंह के साथ कमलनाथ, एडवोकेट कपिल सिब्बल और विवेक तन्खा भी अदालत पहुंचे थे।