राज्य
सिंधी समुदाय के धार्मिक स्थान शदानी दरबार पहुंचे अमित शाह
By Deshwani | Publish Date: 21/9/2018 5:33:14 PMरायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज सिंधी समुदाय के धार्मिक स्थान शदानी दरबार का दौरा किया और सिंधी समाज से भाजपा के लिए चुनाव समर्थन मांगा। एक दिवसीय यात्रा पर रायपुर पहुंचने के बाद शाह भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के करीब स्थित शदानी दरबार गए। यहां उन्होंने सिंधी समाज के प्रमुख लोगों से मुलाकात की। ज्ञात हो कि इस वर्ष के अंत में छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होना है। शाह का शदाणी दरबार यह दौरा सिंधी समाज को लुभाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
सिंधी समुदाय प्रदेश में बड़ी संख्या में निवास करता है तथा यहां के प्रमुख व्यवसाय पर सिंधी समाज के लोगों का अधिपत्य है। राज्य के लगभग सभी शहरों में सिंधी समाज के लोग निवास करते हैं। राज्य में रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी के श्रीचंद सुंदरानी सिंधी समुदाय से इकलौते विधायक हैं। इस बार के चुनाव में सिंधी समाज को उम्मीद है कि राज्य की दोनों राजनीतिक पार्टियां प्रतिनिधित्व का मौका देंगी।