राज्य
राहुल गांधी का रोड शो आज, कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष को पोस्टर में बताया 'शिवभक्त'
By Deshwani | Publish Date: 17/9/2018 12:52:29 PMभोपाल। प्रदेश में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस अपनी पूरी ताकत झोंक रही है। राज्य में पिछले 15 सालों से सत्ता में बैठी भाजपा को बाहर निकालने के लिए कांग्रेस अपना पूरा जोर लगा रही है। इसी कड़ी में अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनावों के प्रचार-प्रसार के लिए राजधानी भोपाल में मेगा रोड शो करने वाले हैं, जिसके जरिए वह प्रदेश की जनता से रूबरू होंगे और प्रचार अभियान में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। वहीं भोपाल में राहुल गांधी के शो को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिये गए हैं और सभी संदिग्ध इलाकों पर सीसीटीवी के जरिए निगरानी रखी जा रही है।
वहीं राजधानी भोपाल में राहुल गांधी के आगमन को देखते हुए कुछ पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टर्स के जरिए राहुल गांधी को 'शिवभक्त' बताया गया है। राजधानी में जगह-जगह पर राहुल गांधी के स्वागत के पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने हाथ में लोटा थाम रखा है और भगवान शिव का अभिषेक कर रहे हैं।
वहीं भोपाल में राहुल गांधी के इन पोस्टर्स को देखते हुए बीजेपी ने भी राहुल गांधी और कांग्रेस पर कटाक्ष शुरू कर दिया है. बीजेपी के मुताबिक ''राहुल गांधी समय-समय पर अपना अलग-अलग रूप अख्तियार करते रहते हैं। वह कभी टोपी लगा लेते हैं तो कभी जनेऊ धारी हो जाते हैं, कभी 'शिवभक्त' हो जाते हैं।''
ज्ञात हो कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज भोपाल के लालघाटी से दशहरा मैदान तक का करीब 15 किलोमीटर लंबा रोड शो करने वाले हैं। राहुल गांधी के इस मेगा रोड शो में प्रदेश के करीब 51 जिलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। वहीं रोड शो के बाद राहुल गांधी कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे। इससे पहले राहुल गांधी की मानसरोबर यात्रा भी काफी चर्चाओं में रही थी।