राज्य
अलग पार्टी बनाकर भतीजे अखिलेश यादव से डीलिंग के लिए शिवपाल यादव ने बढ़ाया हाथ
By Deshwani | Publish Date: 16/9/2018 5:16:17 PMलखनऊ। सपा में हाशिए पर होने के कारण पिछले दिनों समाजवादी सेक्युलर मोर्चा बनाने वाले शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव अगर ‘साम्प्रदायिक भाजपा’ के खिलाफ लड़ने की बात करते हैं तो उन्हें बसपा के साथ प्रस्तावित गठबंधन में उनके मोर्चे को भी शामिल कराना चाहिए। यादव ने कहा कि अगर वह (अखिलेश) साम्प्रदायिक पार्टी भाजपा के खिलाफ लड़ने की बात करते हैं तो उन्हें सपा और बसपा के गठबंधन में समाजवादी सेक्युलर मोर्चे को भी शामिल कराना चाहिए। ऐसा न होने पर हमारा मोर्चा आगामी लोकसभा चुनाव में मैनपुरी को छोड़कर बाकी सभी 79 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने को तैयार है।
उन्होंने कहा कि अगर हमें गठबंधन में शामिल नहीं किया जाता है तो भी हमारे पास उन सीटों को हासिल करने का मौका रहेगा जो सपा और बसपा द्वारा छोड़ी जाएंगी। सभी समाजवादी हमारे पक्ष में हैं। हम 20 से 30 सीटें जीतेंगे। सपा संस्थापक और अपने बड़े भाई मुलायम सिंह यादव के साथ रिश्तों के बारे में यादव ने कहा कि मेरे साथ उनका आशीर्वाद है। मैंने उन्हें मोर्चे के अध्यक्ष पद और मैनपुरी सीट से टिकट की पेशकश की है। मैं मोर्चे का संयोजक हूं। अगर नेताजी (मुलायम) अध्यक्ष का पद स्वीकार नहीं करते हैं, तो हम बाद में विचार करेंगे।