राज्य
मध्य प्रदेश: हरदा में नाराज सवर्णों से हो सकता है शिवराज का सामना, असमंजस में प्रशासन
By Deshwani | Publish Date: 6/9/2018 12:32:54 PMनई दिल्ली। एससी-एसटी एक्ट में संशोधन से नाराज सवर्ण संगठनों ने आज भारत बंद का आहृवाहन किया है। इस मुद्दे पर सवर्ण संगठनों की सबसे ज्यादा नाराजगी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से है। पुलिस-प्रशासन को आशंका है कि आज नाराज संगठन मध्य प्रदेश सरकार के मंत्रियों और बीजेपी के पदाधिकारियों को अपने निशाने में ले सकते हैं। पुलिस प्रशासन की तमाम आशंकाओं के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी जन आशीर्वाद यात्रा को जारी रखने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के इस फैसले के बाद, पुलिस-प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती हरदा में होने वाले रोड-शो को शांतिपूर्वक संपन्न कराना है।
आशंका जताई जा रही है कि अपना विरोध दर्ज कराने के लिए सवर्ण संगठन हरदा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के रोड शो में हंगामा कर सकते हैं। ऐसे में स्थानीय पुलिस और प्रशासन लगातार स्थानीय सवर्ण संगठनों से बातचीत कर बीच का रास्ता निकालने की कोशिश में जुटा हुआ है। वहीं नाराज सवर्ण संगठन पुलिस-प्रशासन की बात सुनने के मूड में नहीं दिख रहे हैं। सरकार पहले से नाराज सवर्णों को और नाराज नहीं करना चाहती है। लिहाजा, सरकार ने पुलिस-प्रशासन को निर्देश हैं कि नाराज सवर्णों संगठनों पर किसी तरह का बल प्रयोग न किया जाए। अब पुलिस-प्रशासन के सामने असमंजस की स्थिति यह है कि वह न ही सवर्ण संगठनों को रोड शो की तरफ जाने से रोक सकती है और न ही इस समस्या का समाधान बातचीत से निकल रहा है।