राज्य
भाजपा के ‘अर्थ संग्रह अभियान’पर कांग्रेस का हमला, शोभा ओझा बोलीं- चंदा माफिया है भाजपा
By Deshwani | Publish Date: 13/8/2018 3:26:37 PM भोपाल। साल के अंत में मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए धन जुटाने के लिए बीजेपी के 'अर्थ संग्रह अभियान' को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने बीजेपी को चंदा माफिया बताते हुए कहा है कि प्रदेश के विकास के लिए आया पैसा और करदाताओं की गाढ़ी कमाई भ्रष्टाचार में उड़ाने के बाद अब बीजेपी हर बार की तरह चंदा उगाही का काम कर रही है।
मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर जुबानी हमले बोले। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के नाम पर जो पैसा आया था और जो यहां के करदाताओं की गाढ़ी कमाई थी, वो तो भ्रष्टाचार की बलि चढ़ गई। भ्रष्टाचार का पैसा बीजेपी विधायकों और मंत्रियों की जेब में पहुंच गया है और अब बीजेपी चंदा उगाही के काम में जुट गई है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार पूरी तरह से दिवालिया हो चुकी है। भाजपा के नेता तो हर साल पर्व-त्योहारों में भी चंदे की उगाही करते हैं, लेकिन इस बार जनता चंदे के रूप में वोट कांग्रेस की झोली में डालेगी और भाजपा को उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा चंदा माफिया है, लेकिन इस बार जनता उन्हें सबक सिखाएगी।