राज्य
मध्यप्रदेश: ललिता यादव ने कहा, सर्वे बता रहे हैं चौथी बार भी प्रदेश में बनेगी भाजपा सरकार
By Deshwani | Publish Date: 4/8/2018 3:43:40 PMछतरपुर । महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री ललिता यादव ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ द्वारा खजुराहो में सर्वे को मजाक बताने के बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि सारे सर्वे कह रहे हैं कि चौथी बार प्रदेश में भाजपा सरकार बनेगी। यह बात राज्यमंत्री ने पुरवा गांव में पंच, सरपंच सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कही।
राज्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सर्वे को मनोरंजन और मजाक कह रहे हैं, जबकि वे सर्वे के आधार पर ही टिकिट देने की बात करते हैं। इतना ही नहीं एक्जिट पोल भी सर्वे के आधार पर होते हैं, आम तौर पर उन्हें सच्चाई के करीब माना जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अखबार नेशनल हेराल्ड का सर्वे कह रहा है कि मप्र में चौथी बार भाजपा की सरकार बनेगी। इसीलिए वे सर्वे को मजाक बता रहे हैं। शिवराज सरकार ने पिछले 14 साल में जो काम किए हैं। उसके आधार पर प्रदेश की जनता उन्हें आशीर्वाद दे रही है। इससे फिर भाजपा की ही सरकार बनेगी। इसीलिए कांग्रेस में हलचल मची है और वे सर्वे को पचा नहीं पा रहे हैं।