राज्य
कॉलेज की 7वीं मंजिल से कूदकर लड़की ने दी जान, जांच में जुटी पुलिस
By Deshwani | Publish Date: 27/7/2018 4:29:20 PMनई दिल्ली। दिल्ली के एक कॉलेज की सातवीं मंजिल से कूदकर एक लड़की ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। हालांकि अभी तक उसकी मौत की वजह पता नहीं चल पाई है। पुलिस के मुताबिक लड़की ने कॉलेज में एलएलबी के लिए एप्लाई किया था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मामला दिल्ली के पीतमपुरा इलाके का है। जहां गुरुवार की सुबह 11:30 बजे वीआईपीएस कॉलेज की सातवीं मंजिल से वरीशा नामक लड़की ने कूदकर खुदकुशी कर ली। वरीशा ने कॉलेज में एलएलबी के लिए एप्लाई किया था। पहले वरीशा कॉलेज के पांचवे फ़्लोर पर क्लास का पता करने गई और फिर सातवीं मंजिल पर जाकर वो नीचे कूद गई।
मिली जानकारी के अनुसार वरीशा के पिता जूतों की दुकान में काम करते हैं। उसके भाई ने अभी एमबीए किया है। घर को चलाने के लिए वो खुद भी प्राइवेट कंपनी में काम करके पिता की मदद करती थी और साथ में पढ़ाई कर रही थी। पुलिस को मौके से वरीशा के दो मोबाइल फोन मिले हैं। दोनों फोन लॉक थे। उसके पास से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। पुलिस ने परिवार से बात की। कॉलेज में भी बात की। लेकिन उसकी मौत की वजह के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। पुलिस ने पंचनामे की कार्रवाई के बाद लड़की के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस ने कॉलेज के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ली है। जिसमें वरीशा पांचवीं मंजिल की सीढ़ी चढ़ती दिख रही है।