राज्य
मायावती ने राहुल-सोनिया के खिलाफ बयान देने वाले बसपा नेता को सभी पदों से हटाया
By Deshwani | Publish Date: 17/7/2018 11:46:27 AMलखनऊ। बसपा नेता जय प्रकाश को राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ बयान देना महंगा पड़ा। बसपा प्रमुख मायावती ने तत्काल प्रभाव से जय प्रकाश को पार्टी के सभी पदों से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। जय प्रकाश बसपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पार्टी के राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर के पद पर थे।
मायावती ने जय प्रकाश पर कार्रवाई करते हुए कहा, 'मुझे बसपा राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर जय प्रकाश सिंह के भाषण के बारे में पता चला, जिसमें उन्होंने बसपा की विचारधारा के खिलाफ बात कही है। इतना ही नहीं उन्होंने दूसरे दलों के नेतृत्व के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी भी की। यह उनकी व्यक्तिगत राय है, जिससे पार्टी सहमत नहीं है। ऐसे में उन्हें तत्काल प्रभाव से सभी पदों से हटाया जाता है।
ज्ञात हो कि कल लखनऊ में बसपा कोआर्डिनेटरों की बैठक में जय प्रकाश ने कहा था कि राहुल गांधी अगर अपने पिता पर गए होते तो कुछ उम्मीद भी थी लेकिन वो अपनी मां पर गया। उसकी मां सोनिया गांधी विदेशी है, उसमें विदेशी खून है इसलिए मैं दावे के साथ कह सकता हूं वो भारतीय राजनीति में कभी सफल नहीं हो सकता।