राज्य
चलती बस में लगी आग, यात्रियों में मचा हड़कंप, सभी यात्री सुरक्षित
By Deshwani | Publish Date: 16/7/2018 4:37:41 PMमुजफ्फरनगर। आज ऋषिकेश से दिल्ली जा रही उप्र परिवहन की बस में आग लग गई। चलती बस में लगी आग से यात्रियों में हड़कंप मच गया। लेकिन बस चालक की सूझबूझ के कारण बस में सवार यात्रियों की जान बच गई। दरसअल जब बस में आग शुरू हुई तो उसने सभी यात्रियों को बस रोककर नीचे उतार दिया।
घटना मुजफ्फरनगर के थाना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में हुई। यहां राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की एसी बस ऋषिकेश से दिल्ली जा रही थी। जैसे ही यह बस दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास पहुंची तो बस के इंजन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। इसके बाद यह आग तेजी से बस में फैलने लगी।
बस चालक ने जैसे ही बस के इंजन में आग भड़कती देखी तो उसने तत्परता दिखाते हुए बस को सड़क के किनारे रोक लिया। इसके बाद तेजी से अंदर जाकर सभी यात्रियों को बस में आग की जानकारी देकर उन्हें बस से नीचे उतार दिया। इससे बस यात्रियों में हड़कंप मच गया। यह बस साहिबाबाद डिपो की थी। यात्री बस से नीचे उतर ही रहे थे कि आग ने विकराल रूप ले लिया। आग धीरे-धीरे पूरी बस में फैलने लगी।
बीच सड़क बस में आग की सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची। साथ ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। वहीं बस के यात्रियों को दूसरी बसों से दिल्ली के लिए रवाना किया गया। घटना की जानकारी देते हुए दमकल अधिकारी रमाशंकर तिवारी ने बताया कि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई है। घटना की सूचना मिलने पर ही उनकी टीम मौके पर पहुंच गई थी। सभी यात्री सुरक्षित हैं।